कछौना-हरदोई- सरकार की महत्वपूर्ण जननी सुरक्षा योजना अस्पताल के कर्मचारियो की खाऊ कमाऊ नीति के चलते अव्यवस्थाओ की भेंट चढ़ती जा रही है। शौचालयों में भयंकर गंदगी है । शौच क्रिया को बाहर गई एक प्रसूता ने झाड़ियों में एक बच्ची को जन्म दिया । बच्ची के जन्म होने की खबर सुन अस्पताल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए।
बुधवार को गौसगंज निवासी सुहाना बानो पत्नी करीम अपनी आशा बहू विमला के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना आयी थी। वह अस्पताल परिसर में प्रसव पीड़ा से तड़पती रही । अस्पताल के शौचालयों की बदतर स्थिति के कारण उन्हें प्रसव पीड़ा के दौरान शौच क्रिया के लिए बाहर जाना पड़ा । बाहर झाड़ियों में ही प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया जो अस्पताल की बदइंतजामी को साफ दशार्ती है ।
सायं तीन बजे झाड़ियों में बच्ची के पैदा होने की खबर सुनकर अस्पताल प्रशासन में हड़कम्प मच गया और आनन फानन में प्रसूता को लेबर रूम में ले जा कर साफ सफाई कर वार्ड में शिप्ट कर दिया गया।
अस्पताल से जुड़े सूत्रों की माने तो स्टॉफ नर्सो द्वारा प्रसव के लिये आने वाले महिलाओ को कमीशन के फेर में नगर के निजी नर्सिंगहोम को भेज कर सरकार की महत्वपूर्ण योजना को पलीता लगाया जा रहा है। उपरोक्त के बाबत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डाक्टर मुकेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नही है । जांच कर कार्यवाही की जाएगी।