रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कंबोडिया के दो दिन के दौरे पर जाएंगे

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस महीने की 22 तारीख को कंबोडिया के दो दिन के दौरे पर रवाना होंगे। आसियान और संबद्ध देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक के अध्‍यक्ष के तौर पर कंबोडिया सियेम रीप में नौवी वार्षिक बैठक का आयोजन कर रहा है। रक्षा-मन्त्री 23 नवंबर को मंच को संबोधित करेंगे और कंबोडिया के प्रधानमंत्री से भी भेंट करेंगे।

भारत-आसियान संबंधों के 30 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारत और कंबोडिया राजनाथ सिंह की अध्‍यक्षता में पहली भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक की सह-अध्‍यक्षता करेंगे। बैठक के दौरान भारत-आसियान भागीदारी को बढ़ावा देने की कई पहलों की घोषणा किए जाने का कार्यक्रम है।

भारत 1992 में आसियान का वार्ता भागीदार बना था और 12 अक्‍तूबर, 2010 को वियतनाम के हनोई में आसियान और संबद्ध देशों के रक्षा मंत्रियों की उद्घाटन बैठक आयोजित की गई थी। वर्ष 2017 से इस मंच के मंत्री आसियान और सहयोगी देशों के बीच संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए वार्षिक बैठक करते हैं। भारत और आसियान की भागीदारी व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी के स्‍तर तक पहुंच गई है।

रक्षा मंत्री भागीदार देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे। इस दौरान रक्षा-मन्त्री रक्षा सहयोग संबंधी मामलों और आपसी लाभकारी संबंधों को और मजबूत बनाने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे।