हरदोई- बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रक्षाबंधन पर मायके आई नवविवाहिता का शव गांव के बाहर दुपट्टे से लटकता मिला। लोनार थाना क्षेत्र में युवक ने पत्नी के मायके से न आने से परेशान होकर साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शवों का पोस्टमार्टम कराया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के नयागांव निवासी दीन दयाल उर्फ कल्लू ने अपने बेटी पूनम (20) की शादी 19 जून को शाहजहांपुर के थाना कांठ के अटवा खानपुर निवासी अवधेश के साथ की थी। पिता के अनुसार पूनम रक्षाबंधन के 10 दिन पूर्व मायके आई थी। अवधेश उसे विदा कराने के लिए आया था, लेकिन पूनम ने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने समझा बुझाकर उसे ससुराल जाने के लिए राजी कर लिया। गुरुवार को पूनम को ससुराल जाना था, लेकिन बुधवार की देर रात पूनम घर से बिना बताए निकल गई। गुरुवार सुबह उसका शव गांव के बाहर आम के पेड़ में दुपट्टे से लटकता मिला। परिजन घटना के कारण से अनभिज्ञता जता रहे हैं।