शाहाबाद (हरदोई)- शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़ उत्पात मचाने वाले नगरपालिका के सफाईकर्मी को हवालात की हवा खानी पड़ गयी। बीस घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने उस उत्पाती को नहीं छोड़ा है।
सफाई कर्मी के पानी की टंकी पर चढ़ जाने के मामले ने टंकियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिये हैं। थाना क्षेत्र की कांशीराम कालोनी निवासी नगर पालिका का सफाई कर्मचारी सन्तोष पुत्र मैकूलाल बुधवार की रात करीब 9 बजे कच्ची शराब पीकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और उत्पात मचाने लगा । उसने कालोनीवासियों को जमकर गालियां भी बकीं। कालोनीवासियों ने सन्तोष के टंकी पर चढ़ जाने की सूचना पुलिस को दी। आनन फानन में डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और मान-मनौवल कर सन्तोष को नीचे उतार लाई। नशेड़ी सन्तोष को उतारने के बाद उसका नशा दूर करने के लिए पुलिस ने पिटाई के बाद लॉक-अप में ठूंस दिया । बीस घंटे बीत जाने के बाद भी सन्तोष हवालात में ही था।