- तिलक चंद्र पासी के नाम पर पार्टी ने लगाई मोहर
- कछौना में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान लखनऊ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी भीमराव अंबेडकर ने की घोषणा
कछौना (हरदोई)। बसपा सुप्रीमो मायावती के द्वारा जल्द से जल्द से प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा किए जाने के निर्देश के बाद युद्धस्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन कर प्रत्याशियों का ऐलान किया जा रहा है। बहुजन समाज पार्टी ने जनपद हरदोई की विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित करने की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को कछौना में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में 160 बालामऊ सुरक्षित विधानसभा से प्रभारी/ प्रत्याशी के रूप में तिलक चंद्र पासी के नाम की घोषणा की गई। लखनऊ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी भीमराव अंबेडकर और पूर्व एमएलसी व कानपुर/लखनऊ मंडल सेक्टर प्रभारी नौशाद अली ने मंच से तिलक चंद्र पासी के नाम का ऐलान किया।
कछौना में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच से बोलते हुए बसपा से लखनऊ मंडल के सेक्टर प्रभारी नौशाद अली ने आजादी के बाद से भारत देश पर सबसे ज्यादा समय तक शासन कांग्रेस सरकार को पूंजीपतियों को बढ़ावा देने वाली सरकार बताया उन्होंने कहा कि आज मौजूदा समय में प्रदेश व देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो कांग्रेस पार्टी के पगचिन्हों पर चलते हुए देश को उद्योगपतियों के पास गिरवी रखने का कार्य कर रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो जाती है और गुंडाराज कायम हो जाता है। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय को आधार मानते हुए सर्व समाज को हिस्सेदारी देने का कार्य केवल बहुजन समाज पार्टी की सरकार ने ही किया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी भीमराव अंबेडकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश को सामंतवादी जातिवादी और पूंजीवादी ताकतों से बचाने के लिए बहुजन समाज पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने बसपा के जिला एवं विधानसभा पदाधिकारियों की मौजूदगी में मंच से तिलक चंद्र पासी के नाम की घोषणा करते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि आज से ही चुनाव की तैयारी में जी जान से जुट जायें। ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत प्राप्तकर उत्तर प्रदेश में बहन कुमारी मायावती के नेतृत्व में बसपा की सरकार बने।
विधानसभा प्रत्याशी के तौर पर अपना नाम घोषित किए जाने के बाद तिलक चंद्र पासी ने मंच से बसपा सुप्रीमो मायावती, बहुजन समाज पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी रामकुमार कुरील, जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार चौधरी, मोहम्मद तैय्यब, विधानसभा अध्यक्ष संजीत राव गौतम, रामखेलावन वर्मा, विजय पासी, प्रमोद श्रीवास्तव, ओम प्रकाश गौतम सहित आसपास के क्षेत्र से आए सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।