दिन भर छाए रहे बादल, शाम को बूंदाबांदी मौसम हुआ ठंडा

           हरदोई- जिले में सुबह से बदले मौसम से शीतलहर में इजाफा हो गया शाम को हुई बूंदाबादी और तेज हवाओं के साथ छाई बदली से लोगों में सिहरन दौड़ गई। लोगों को सुबह रजाई-कंबल से निकलने में देर लगी।तो शाम को हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम में ठंड का असर ज्यादा हुआ जिससे लोग आग के आगे बैठने को मजबूर रहे।

        जिले में बुधवार को मौसम के इस बदलाव से अचानक ठंड बढ़ गई है।अचानक हुई बदली और फिर बूंदाबांदी व तेज हवाओं के चलते गलन बढ़ी तो लोगों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा।सर्द मौसम की पहली बरसात के बाद गलन और ठंडी हवाएं बढ़ गई हैं।अभी तक लोगों ने गर्म कपड़े पूरी तरह नहीं निकाले थे लेकिन बदली छाने के बाद हुई बारिश के बाद से लोगों के टोपे और मफलर भी निकल आए।वहीं सुबह से ही बादलों व धूप के बीच आंख-मिचौनी चली रही जिस कारण कभी तो सूरज की किरणों भूमि को छूं रही थी जबकि अधिकतर समय आसमान में छाए बादल ही उसे रोक रहे थे। ऐसे में पूरा जिला ठंड की चपेट मे आ गया है।  

       बुधवार को आसमान में बादलों का डेरा रहा। सूर्य देव निकले तो सही, लेकिन बादलों के आगे उनकी एक न चली और बार-बार हवाओं के साथ यहां-वहां डोलते बादलों के झुंड ने धूप को ढके रखा। इस कारण लोगों को सर्दियों के मौसम में अति आवश्यक चटख धूप नसीब नहीं हुई, जिस कारण मौसम ठंडा हो गया।लोगों ने ठंड से निजात पाने के लिए आग का सहारा लिया।