कछौना(हरदोई): विकास खण्ड कछौना में मानकों को ताक पर रखकर दर्जनों प्राइवेट विद्यालय जिनमें शिक्षा का स्तर काफी गिरा है। अध्यापकों की योग्यता का कोई मापदंड मानक के अनुकूल नही है। विद्यालय भवन भी मानक के दर-किनार है। किताबें परिषदीय पाठ्यक्रम के अनुकूल नही हैं। बच्चों का कोर्स प्राइवेट प्रकाशन द्वारा महंगी दरों पर स्कूल से या निजी पुस्तक विक्रेताओं द्वारा उपलब्ध करायीं जाती हैं इससे अभिभावकों का आर्थिक शोषण लगातार स्कूल प्रबन्धन द्वारा किया जा रहा है। छात्रों को लाने व छोड़ने के लिए अधिकांश वाहन परिवहन विभाग से स्वीकृत नही हैं जिससे इन डग्गामार वाहनों से दुर्घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती हैं। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक की शैक्षिक योग्यता मानक के अनुकूल नही होती है, ज्यादातर स्कूलों में दर्ज अध्यापक, प्रधानाचार्य कागजों तक ही सीमित होते हैं, इनमें मूलभूत सुविधाएं शौचालय, फर्नीचर, खेलकूद मैदान आदि से नौनिहाल बच्चे मरहूम होते हैं। इन विद्यालयों द्वारा शिक्षा और सुविधा के नाम पर मनमानी फीस वसूली जाती है। इन पर शिकंजा कसने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव ने इन विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का आदेश खण्ड शिक्षा अधिकारी को दिया जिस पर उन्होंने अपनी टीम गठित कर संकुल प्रभारियों द्वारा शुक्रवार को नगर में ताबड़-तोड़ निरीक्षण किया जिसमें कई विद्यालय संचालक विद्यालय बन्द कर फरार हो गए। इनके खिलाफ नोटिस स्कूल भवन में चस्पा कर उसे तत्काल बन्द करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।
लखनऊ-हरदोई मार्ग पर स्थित कानपुर पब्लिक स्कूल को बिना मान्यता के संचालित पाया गया जिस पर विद्यालय को तत्काल बन्द कराकर वहां के छात्रों को प्राथमिक पाठशाला भीरीघाट में पंजीकृत कराया गया। वहीं बिना मान्यता के मदरसा दारूल उलूम, प्रगतिशील शिक्षण संस्थान शिवपुरी, मोहम्मद अली नैतिक खजोहना, कमला वीरेंद्र सिंह मॉडर्न स्कूल बरौली इनको तत्काल प्रभाव से बन्द करा दिया गया। ऋचा शिशु मंदिर गौहानी, सरस्वती ज्ञान मंदिर अरसेनी पंचायत घर मे चलते पाये गये जिनका अपना निजी भवन नही है। इनको नोटिस देकर तत्काल बन्द कराने का निर्देश दिया गया, वहीं दो दर्जन विद्यालय मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करते पाए गए जिनमें सोमेश्वर महादेव पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुरवा, संत लक्ष्मणदास ज्ञान मंदिर पुरवा, सरस्वती ज्ञान मंदिर बरवा सरसन्ड, ओम साईं बालाजी महाराज, बाटू सिंह रमा सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निर्मलपुर, माँ कामाख्या देवी पब्लिक स्कूल कुकुही, परवन सिंह पब्लिक स्कूल हथौड़ा रोड कुकुही, भूरी लाल सिंह पब्लिक स्कूल, श्रीराम विद्या मंदिर सुन्नी, जगदेई सेवा ज्ञान ज्योति बाल विद्या मंदिर बालामऊ, संगीता सरस्वती शिशु मंदिर कछौना, जफर मियां शिक्षण संस्थान गौरी खालसा, बाबूराम रामप्यारी इंटर कॉलेज, अनिल शिक्षण संस्थान, लाला भभूति प्रसाद जूनियर हाईस्कूल कछौना, ए०के०सिंह कान्वेंट स्कूल आदि को नोटिस देकर तत्काल अतिरिक्त कक्षाएं बन्द कराने व मानक के अनुकूल कक्षाएं चलाये जाने का कड़ा निर्देश दिया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी वी०एन०पाठक ने बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।