सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्बे की प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर

नृत्य प्रस्तुति को सभी ने सराहा

पिहानी– गायत्री प्रज्ञा पीठ में बुधवार को नवरात्र-पर्व के अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कस्बे की प्रतिभाओं ने अपना हुनर दिखाया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में पधारे व पिहानी ब्लॉक-प्रमुख प्रतिनिधि मनोज सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गायत्री परिवार पिहानी की टोली के बृजनंदन वर्मा और फूल सिंह, व्यवस्थापक देवेंद्र मिश्र ने माल्यार्पण व वैदिक मंत्रों के साथ तिलक वंदन करके उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश-वंदना से हुई, जिस पर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति लवी मिश्रा ने दी। तदोपरांत कस्बे की प्रतिभाओं शगुन वैश्य, नित्या, कशिश व प्रांजलि ने ‘सबसे बड़ा तेरा नाम, ओ शेरो वाली’ पर अपनी डांडिया नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। तरु, परी व दीक्षा ने भी ‘राधा नाचे रे’ और ‘कान्हा सो जा जरा’ पर अपनी नृत्य-प्रस्तुति देकर सभी को झूमने पर मजबूर किया। गायत्री परिवार के प्रमुख ट्रस्टी अतुल कपूर ने पूज्य गुरुदेव श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित वाङ्गमय मुख्य अतिथि को देकर आभार व्यक्त किया। विवेक गुप्ता, सुनील राठौर, ऋषि आदि ने व्यवस्थाएं देखीं।


सौरभ सिंह की रिपोर्ट…