-दारोगा से एक लाख रुपये उधार लेकर वापसी न करने का लगा आरोप ।
-मांगने पर भाई के साथ मिलकर दे रहा है धमकियां ।
-शाहाबाद कोतवाली में तैनात है दारोगा दयाराम साहनी ।
-एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में दर्ज हुई एफआईआर।
हरदोई- शहर कोतवाली शाहाबाद में तैनात एक दारोगा ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव संजय कश्यप व उसके प्रधान भाई पवन कश्यप के विरुद्ध एक लाख लेकर वापस न करने व धमकी देने की रिपोर्ट एसपी के आदेश पर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी है ।
शहर कोतवाली में दर्ज कराई गई एफआईआर में शाहाबाद कोतवाली इलाके के तैनात दारोगा दयाराम साहनी पुत्र रामप्रीत निवासी ग्राम ग्राम नगर कुंडा थाना कोतवाली मूर्तिहा जनपद बहराइच ने कहां है कि सांडी थाना क्षेत्र के धोन्धी निवासी संजय कश्यप पुत्र स्वर्गीय राम सहाय कश्यप से करीब 2 साल से जान पहचान है।दरोगा इस समय शाहाबाद में कोतवाली में दारोगा के पद पर तैनात हैं।
दारोगा का आरोप है कि संजय कश्यप ने उससे एक जरूरी काम के लिए 20 अप्रैल को 1 लाख रुपये उधार मांगा और जल्दी वापस लौट आने का भरोसा दिया। दरोगा के मुताबिक उसने भरोसा करके एसबीआई की शाखा से अपने खाते से 85 हजार रुपये और 15 हजार रुपये किसी से उधार लेकर पुलिस लाइन के सामने जीवन ज्योति हॉस्पिटल के पास संजय कश्यप को दिया। दारोगा का आरोप है कि संजय कश्यप लाल रंग की अपनी कार से रुपये लेने आया था। बताया कि जब उसने रुपया दिया तब उसके साथ अरविंद कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम बसेन थाना कोतवाली बेनीगंज भी मौजूद थे।
दारोगा का आरोप है कि अब संजय कश्यप की नीयत खराब हो गयी है और रुपये वापस लौटाने में हीलाहवाली करते हुए रुपये देने से इंकार कर रहे है।आरोप है कि उधार की जानकारी संजय कश्यप के छोटे भाई पवन कश्यप को भी है। जब उसने फोन करके रुपये के बावत बात की तो दोनों भाइयों ने समाजवादी पार्टी का प्रदेश सचिव बताया और कहा कि एसपी से उसके अच्छे संबंध है वर्दी उतरवा देंगे और जेल भिजवा देंगे और जान से मारने की धमकी भी दी। दारोगा ने एसपी विपिन कुमार मिश्र से मामले में कार्यवाई की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।