महिला की मौत पर दहेज हत्या की रिपोर्ट, फांसी पर लटकता मिला था शव

थाना क्षेत्र कोतवाली देहात के कौढ़ा में महिला की मौत के मामले में मृतका की बहन की तहरीर पर महिला के पति सास व ससुर के विरुद्ध दहेज के लिए 50 हजार की नगदी, एक वाहन मांगने व न देने पर गला दबाकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र कोतवाली देहात के कौढ़ा निवासी पूजा (30) पत्नी पंकज का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक परिवारिक कलह के चलते घर में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली गयी है ।जबकि महिला के पिता उमाशंकर निवासी हथियाई थाना बघौली ने बताया कि 2 साल पूर्व पुत्री का विवाह किया गया था और आये दिन दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। मामले में कोतवाली देहात में मृतका की बहन मुन्नी शर्मा पत्नी मुन्नीलाल निवासी पिहानी चुंगी ने मृतका के पति पंकज ससुर राजकुमार व सास के विरुद्ध दहेज हत्या का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराते हुए कहाकि 50 हजार की नगदी, वाहन न दे पाने पर उसकी गला दबाकर हत्याकर दी गयी और शव को फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।