दुकानो मे आग लगने से लाखों का सामान जला, चार दुकाने जलकर खाक

हरदोई– रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों के चलते कुछ दुकानो मे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने एक लकड़ी के गोदाम को भी अपनी चपेट मे ले लिया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि आसपास के लोग सकते मे आ गये। हालात बिगड़ते देख अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

शहर में रद्देपुरवा रोड पर नक्खास के पास आज सुबह अज्ञात कारणों के चलते आग से तीन दुकानें व एक गोदाम जलकर राख हो गया। दुकानदारों का करीब चार लाख का नुकसान हुआ है। आग सुबह करीब 3 बजे लगी। आग की ऊंची लपटों को देखकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। जिसके बाद मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल को दी। सूचना के बाद पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। आग इतनी भयंकर थी की तीन दुकानें और एक लकड़ी-फर्नीचर का गोदाम जलकर राख हो गया।

दुकानदारों ने बताया कल ईद की वजह से दुकान बंद थीं। उन्हें सुबह करीब 3 बजे यह सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है और जब तक वह यहां आए तब तक दुकानें आग से पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से प्रदीप कुमार का मेंस पार्लर, रियाज अली की कन्फेक्शनरी की दुकान, खलील की टेलरिंग शॉप व निजाम का लकड़ी का गोदाम जलकर राख हो गया। जिससे लाखों का नुकसान का अनुमान दुकानदारों द्वारा लगाया गया है।