राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विधि विशेषज्ञों का आह्वान किया है कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और न्यायालयों के साथ सहयोग करें। उन्हें अपने मुवक्किलों के प्रति भी जवाबदेह होना चाहिए। कल कटक में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के तीसरे स्थापना दिवस को सम्बोधित करते हुए श्री कोविंद ने छात्रों को सलाह दी कि वे कानून के व्यवसाय में प्रवेश करने से पहले स्वयं सोचे कि वे समाज को क्या दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि वकीलों को समाज के शोषित और पिछड़े लोगों के साथ सहयोग करना चाहिए, क्योंकि वे लोग कानूनी खर्च बर्दाश्त नहीं कर सकते। श्री कोविंद ने कहा कि कानूनी सेवा का कार्यक्षेत्र बहुत बढ़ गया है।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने विद्यार्थियों का, देश के करोड़ों लोगों के न्याय और समानता के लिए काम करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति दो दिन के ओडिसा दौरे पर हैं। कटक में राष्ट्रपति ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के ओडि़या बाजार स्थित उनके जन्म स्थान पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आनन्द भवन म्यूजियम और लर्निंग सेन्टर को राष्ट्र को समर्पित किया। श्री कोविंद आज शाम पुरी पहुंच गए हैं, जहां वे कल जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। राष्ट्रपति, राष्ट्रीय संस्कृति संस्थान के शताब्दी समारोह को भी सम्बोधित करेंगे।