हरदोई : देहात कोतवाली क्षेत्र में एक लापता छात्र का शव गांव के बाहर खेत में खड़े आम के पेड़ में लोहे के तार से लटकता मिला। परिवारजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं लेकिन किसी से विवाद की बात को नाकार रहे है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम पहल निवासी धीरज (18) पुत्र रामकिशुन इंटर का छात्र था। पिता ने बताया कि धीरज तीन माह का था तभी उसकी मां गुजर गई थी और वह उनका इकलौता बेटा था। रविवार को धीरज घर से बाजार सब्जी लेने के लिए गया था और वह खेत पर काम कर रहे थे। बाजार से आने के बाद वह घर से निकल गया। देर शाम तक वह घर नहीं आया तो उनको धीरज की चिंता हुई और खोजबीन करने के लिए निकले, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों से भी जानकारी की पर कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह उसका शव गांव के बाहर अजय पाल के खेत में आम के पेड़ में लोहे के तार से लटकता मिला। शव को लटकता देख ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिवारजनों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। देहात कोतवाली प्रभारी महेश पांडे ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चेहरे पर बंधा था कपड़ा
पिता ने बताया कि धीरज का शव पेड़ में काफी ऊंचे पर लोहे के तार से लटक रहा था और उसका चेहरा कपड़े से बंधा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि किसी ने उसे मारकर चेहरे पर कपड़ा बांधकर लटका दिया है। ।