गुरु गोविंद सिंह ने अन्याय के सामने ना झुकने का संदेश दिया – सांसद अंजू बाला

मल्लावां (हरदोई) – सिखों के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर सांसद डॉ. अंजू बाला ने मल्लावां के सुनासी स्थित अपने आवास पर लगे जनता दरबार में सभी को उनकी शिक्षाओं को अनुसरण करने का संदेश दिया l इस अवसर पर गोल्ड मेडलिस्ट अंतर्राष्ट्रीय रेसलर रेशम सिंह ने सांसद अंजू बाला को शाल ओढ़ाकार स्मृति चिन्ह के रूप में तलवार भेंट की l

शनिवार को सिखों के दसवें धर्मगुरु गुरु गोविंद सिंह की 352वी जयंती के अवसर पर गोल्ड मेडलिस्ट अंतर्राष्ट्रीय रेसलर रेशम सिंह ने मिश्रिख सांसद डॉ अंजू बाला को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह के रूप में तलवार भेंट की l मल्लावां के सुनासी स्थित अपने आवास पर लगे जनता दरबार के दौरान गुरु गोविंद सिंह की शहादत को याद करते हुए मिश्रिख सांसद डॉ अंजू बाला ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन हम सब के लिए प्रेरणादायक दिन है क्योंकि आज उस महापुरुष का जन्मदिन है जिसने अधर्म के सामने कभी हार नहीं मानी और धर्म की रक्षा के लिए उन्होंने अपने चार पुत्रों और स्वयं के प्राणों का बलिदान दे दिया l गुरु गोविंद सिंह ने अन्याय के सामने कभी ना झुकने का संदेश दिया l हमें उनकी शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए l जब कभी भी देश के आन बान और शान पर बन आये तो हर व्यक्ति देश की रक्षा के लिए अपना शौर्य और पराक्रम दिखाना होगा l सांसद ने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान के नापाक इरादों को नेस्तनाबूद करने के लिए अगर कभी जरूरत पड़ी तो आपकी सांसद अंजू बाला भी तलवार उठाने से नही चूकेगी l

सांसद अंजू बाला ने कहा कि रेसलर रेशम सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर देश और क्षेत्र का मान बढ़ाया है l मैं चाहती हूँ यह खिलाड़ी भविष्य में उत्तर प्रदेश से ही खेले इसके लिए हर संभव मदद दिलाने का प्रयास करूंगी l रेशम सिंह का सपना है कि वो अपने गांव में मिनी स्टेडियम और रेसलिंग अकेडमी चाहता है जिसके लिए जिलाधिकारी पुलकित खरे से बात की जा चुकी है और इनके इस सपने को हकीकत में बदलने का प्रयास किया जा रहा है l इस अवसर पर रेसलर रेशम सिंह के साथ आए हरदोई निवासी उनके मित्र और अंडर-19 क्रिकेटर अमित यादव की भी सांसद ने हौसला अफजाई की l इस अवसर पर पूर्व विधायक सतीश वर्मा, भाजपा कार्यकर्ता मनोज हिंदू, पुनीत गुप्ता, परमेश्वर दयाल गुप्ता, क्रिकेटर अमित यादव, रेसलर रेशम सिंह, सांसद पीए दिलीप सहित जनता दरबार में आए हुए सैकड़ों लोग मौजूद रहे l