- शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक गोवा में शुरू। विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रहमण्यम जयशंकर ने चीन, रूस और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
- कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार चरम पर। विभिन्न राजनीतिक दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए रैलियां कर रहे हैं।
- उत्तरप्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल -एसटीएफ ने आज मेरठ जिले में एक मुठभेड़ में खूंखार गैंगस्टर अनिल दुजाना उर्फ अनिल नागर को मार गिराया है। वह हाल ही में जमानत पर जेल से छूटकर आया था और फरार चल रहा था। अनिल दुजाना पर 65 आपराधिक मामले थे जिनमें 18 हत्याएं, जबरन वसूली, लूट और जमीन कब्जाना शामिल था।
- पटना उच्च न्यायालय ने आज राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह जाति आधारित सर्वेक्षण को तत्काल बंद करे और यह सुनिश्चित करे कि पहले से ही एकत्र किए गए डेटा को सुरक्षित रखा जाए और रिट याचिका पर अंतिम आदेश पारित होने तक किसी के साथ साझा न किया जाए।
- न्यायालय ने कहा कि प्रथम दृष्टया, राज्य के पास जाति-आधारित सर्वेक्षण करने का कोई अधिकार नहीं है। न्यायालय ने राज्य विधानसभा में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ सर्वेक्षण से जुडा डेटा साझा करने की सरकार की मंशा के बारे में भी चिंता व्यक्त की।
- सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिएऑपरेशन कावेरी जोर-शोर से जारी है। इस ऑपरेशन के तहत अब तक लगभग तीन हजार छह सौ भारतीयों को निकाला गया है।
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अमरीकी कंपनियों को विश्वास दिलाया, भारत में नीतिगत सुधारों से उन्हें लाभ होगा।
- संसद की संयुक्त समिति ने वन संरक्षण संशोधन विधेयक-2023 पर संबंधित पक्षों से सुझाव आमंत्रित किेए हैं। लोकसभा सचिवालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि सांसद राजेन्द्र अग्रवाल की अध्यक्षता में समिति ने आम जनता, गैर सरकारी संगठनों, विशेषज्ञों, संबंधित पक्षों और संस्थानों से विचार और सुझाव मांगे हैं।