८ मार्च २०२३ के मुख्य समाचार

  • आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। महिलाओं की उपलब्धियों को मान्‍यता देने के लिए हर वर्ष आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।
  • ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ चार दिन की भारत यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ शुक्रवार को भारत-ऑस्‍ट्रेलिया वार्षिक सम्‍मेलन में भाग लेंगे।
  • भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता डॉक्‍टर माणिक साहा ने आज लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए त्रिपुरा के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य ने राजधानी अगरतला में डॉक्टर साहा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
  • रंगों का त्‍यौहार होली आज देश भर में उल्‍लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व बसंत के आगमन और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लैंगिक समानता को प्रोत्‍साहित करने के लिए मानसिकता में बदलाव पर बल दिया।
  • सरकार ने कहा – क्रिप्‍टो करैंसी में व्‍यापार को भारत के धन शोधन अधिनियम के अंतर्गत शामिल किया जाएगा।
  • प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्‍ली आबकारी नीति घोटाला मामले में भारत राष्‍ट्र समिति की नेता के. कविता को कल पूछताछ के लिए बुलाया है। सुश्री कविता तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी हैं।
  • भारत ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में कश्‍मीर का मुददा उठाने के लिए पाकिस्‍तान की कड़ी आलोचना की है।
  • संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत की स्‍थायी प्रतिनिधि रूचिरा कम्‍बोज ने कहा है पाकिस्‍तान के विदेश मंत्री बिलावल भुटटो जरदारी की महिला, शांति और सुरक्षा पर चर्चा के दौरान केन्‍द्र शासित जम्‍मू-कश्‍मीर के बारे में दिया गया बयान अनर्गल, निराधार और राजनीति से प्रेरित है।