● तीन ग्राम पंचायतों में सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण ग्राम प्रधान व ग्राम सदस्य नहीं ले सके शपथ
कछौना (हरदोई) : पंचायत राज विभाग के इतिहास में पहली बार ग्राम प्रधान व ग्राम सदस्यों ने पंचायत घरों में वर्चुअल तरीके के साथ शपथ ग्रहण की। जिसके लिए विकास खंड कार्यालय पर आर०ओ०, खंड विकास अधिकारी, ए०डी०ओ० पंचायत, ए०डी०ओ० आई०एस०बी० ने जिम्मेदारी संभाली।
शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम ग्राम सभाओं के पंचायत घरों में संपन्न हुए। वहीं कछौना विकासखंड की 3 ग्राम पंचायत तेरवा दहिंगवा, नारायणदेव, मेढ़ौआ में ग्राम सदस्य का कोरम पूरा न होने के कारण यह लोग शपथ नहीं दे सके। इन ग्राम पंचायतों में 3 माह के बाद ग्राम सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा, क्योंकि ग्राम पंचायत के गठन के लिए दो तिहाई सदस्यों को निर्वाचित होना अनिवार्य है। शपथ ग्रहण के बाद ग्राम प्रधानों व ग्राम सदस्यों को ढेर सारी शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। गांव की सरकार का गठन के लिए 17 मई को ग्राम पंचायत में समितियों का गठन होगा।
ग्राम पंचायत में सदस्यों की अहम भूमिका होती है। ग्राम पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता के लिए ग्राम स्तर पर सभी काम 6 समितियों के माध्यम से कराए जाने की व्यवस्था है। इसमें नियोजन व विकास समिति, शिक्षा समिति, प्रशासनिक समिति, निर्माण कार्य समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति व जल प्रबंधन समिति, हर समिति में अधिकतम 7 सदस्य शामिल किए जाते हैं। 27 मई को ग्राम पंचायत की पहली बैठक का आयोजन किया जाएगा। नवगठित ग्राम पंचायत के कार्यकाल की शुरुआत शुरू हो गई है। ग्रामीणों के ग्राम सभा में रुके विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। जिससे ग्रामीण क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। नव निर्वाचित ग्राम प्रधान व ग्राम सदस्य काफी उत्साहित नजर आए।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता