हरदोई में मौत से खेला युवक, रेलवे की बिजली लाइन के ऊपर चढ़ा सनकी

इसे नादानी कहें या पागल पन । कुछ ऐसा ही हैरतअंगेज एक मामला सामने आया जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। हरदोई के बालामऊ रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई । कछौना कोतवाली के अतंर्गत बालामऊ रेलवे स्टेशन पर उस समय हडकंप मच गया जब एक युवक रेलवे लाईन के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाईन के पोल पर चढ गया ।

तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है यह युवक रेलवे लाइन के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के आसपास ऐसे घूम रहा जैसे कि जमीन पर चल रहा हो । ट्रेनों को गति देने वाले बिजली के तारों से 10 फिट दूर से भी जब कोई परिंदा गुजरता है तो विस्फोट के साथ वह दुनिया छोड़ देता है । लेकिन वह युवक पोल पर चहलकदमी करता रहा । इस सनकी युवक का स्टंट देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसे थम गई । अपनी जान की परवाह न करते हुए युवक लाईन के पोल को पार कर दूसरी तरफ सकुशल उतर भी गया । इस दौरान लोग सांस रोके तमाशबीन बने रहे । हालांकि घटना में वह बाल-बाल बच गया, लेकिन उसके पोल से उतरते ही रेलवे पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया । घटना का विडीओ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । यहां सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है । जहां युवक पोल से चढ़ा है वहां से 50 कदम दूरी पर आरपीएफ और 100 कदम पर जीआरपी चौकी है । लेकिन जिम्मेदारों ने डेढ़ घण्टे तक चले नाटक को नहीं देखा या न देखने का अभिनय किया । इस घटना से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग गया है ।