★ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
फल-राजा कहलाता आम, मीठा और रसीला आम।
दिखते माह जुलाई में हैं, डाल-डाल गदराये आम।
लँगड़ा, चौसा और दशहरी, सिन्दूरी, मलदहिया आम।
तरह-तरह के नाम हैं उसके, फजली, चम्पा, देसी आम।
कहीं है हापुस, कहीं सिन्दूरी, कहीं बादामी, नीलम आम।
देखो! डाली-डाली लटके, हँड़िया और बम्बइया आम।
आँख को थोड़ा उत्तर कर लो, चम्पई और रँगीला आम।
उसके दायें पेड़ पर लटकें, केसर और सफ़ेदा आम।
आम्रपाली-स्वाद निराला, हिमसागर है प्यारा आम।
थका पथिक है आम निहारे, बलिहारी-बलिहारी आम।
बच्चे ढेला आम को मारें, भद्-भद् करते गिरते आम।
सत्तू-स्वाद निखारे चटनी, स्वाद अनोखे खट्टे आम।
तरह-तरह के रूप हैं इसके, कहीं अचार, खटाई आम।
खट्टे-मीठे और रसीले, खटमिठवा बन जाते आम।
खटतूरस से पना की शोभा, बने अमावट मीठे आम।
कोयल गाये अमराई में, मनहर ताल लगाये आम।

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय की पुस्तक ‘गीत सुहाने गा लो प्यारे!’ से साभार उद्धृत।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १० जुलाई, २०२१ ईसवी।)