रिपोर्टर – सिद्धांत सिंह
कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र तैयार कर रही है, यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने निर्णय लिया है कि इस बार उनका घोषणा पत्र जनता की राय और उनकी समस्याओं के आधार पर तैयार किया जाएगा। इसी को लेकर मैनिफेस्टो कमेटी के प्रमुख सलमान खुर्शीद अपनी टीम के साथ पूरे प्रदेशभर में भ्रमण कर जनता की राय ली है और अब उसके आधार पर घोषणा पत्र तैयार करने का कार्य शुरू हो चुका है।
रविवार को उसी संबंध में सलमान खुर्शीद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। सलमान खुर्शीद ने कहा कि यूपी में घोषणा पत्र तैयार करने का कार्य चल रहा है, यह प्रक्रिया मंडल, जिला स्तर पर बैठक कर लोगों की राय ले गई है, जिसके बाद आज लखनऊ मंडलवार बैठक की गई और जनता द्वारा दिए गए सुझाव, उनकी समस्याएं पर विस्तार से चर्चा की गई। अब इस पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। जल्द ही कांग्रेस का पूरा घोषणा पत्र तैयार हो जाएगा। सलमान खुर्शीद ने कहा कि सभी 12 मंडलों में कांग्रेस के नेता बैठकर, इसके अलावा जूम एप के जरिए 25 अलग-अलग पर बैठकें की गई। इस बैठक में तमाम सुझाव मिले हैं, लोगों की राय के मुताबिक कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में उनके मुद्दों को शामिल कर जनता के बीच इसे रखेगी। सलमान खुर्शीद से ब्राह्मणों को लेकर जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ब्राह्मणों की कोई कमी नहीं, प्रमोद तिवारी, राजेश मिश्रा जैसे तमाम नेता हैं जो पार्टी के साथ जुड़े हैं और उसे लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के नेता प्रियंका से मिल रहे हैं, वह अपनी समस्याओं को बता रहे हैं, प्रियंका उनकी बातें सुनकर निस्तारण भी कर रही हैं, जहां कमियां हैं उसे दूर करने की कोशिश की जा रही है, चुनाव से पहले इन सब चीजों को दूर कर लिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी से नेताओं के जाने और कैसे कैंपेन होगा इस सवाल पर सलमान खुर्शीद ने कहा कि मौसम बदलता है, कांग्रेस का भी मौसम बदलेगा। उन्होंने कहा किल जो लोग चले गए हैं उससे दुख है, लेकिन वह क्यों चले गए इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भी समय बदलेगा और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ने जा रही है और सरकार भी बनाएगी।
यूपी में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा इस सवाल के जवाब में सलमान खुर्शीद ने कहा कि ये फैसला पार्टी आलाकमान को करना है, मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा ये प्रियंका जी सही समय आने पर बताएंगी। उन्होंने कहा कि अभी हम सब इस पर ध्यान दे रहे हैं कि कैसे 2022 के चुनाव में पार्टी को जीत मिले। यूपी में कांग्रेस पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी, सलमान खुर्शीद ने इसको भी साफ कर दिया है, उन्होंने कहा कि हम सब पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं, अगर गठबंधन होना होता तो हमें बता दिया जाता कि आपको यहां नहीं जाना है, इसलिए कांग्रेस पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।