रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने भारत की विकास गाथा की प्रशंसा की

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने भारत की विकास गाथा की प्रशंसा की है। राष्‍ट्रपति पुतिन ने भारतियों को बहुत प्रतिभावान और सार्थक बताया है जो देश के विकास में श्रेष्‍ठ परिणाम हासिल करने में सहायक सिद्ध होंगे। वे राष्‍ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रूस ऐतिहासिक सोसाइटी की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
राष्‍ट्रपति पुतिन ने पिछले सप्‍ताह भी भारत के साथ रूस के विशेष संबंधों का उल्‍लेख किया था। उन्‍होंने स्‍वतंत्र विदेश नीति का पालन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूरि-भूरि प्रशंसा की थी।

रूस के राष्‍ट्रपति ने भारत के विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस जयशंकर की सोमवार से शुरू हो रही दो दिन की मॉस्‍को यात्रा से पहले ये टिप्‍पणियां की थी।