हरदोई- शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने एक 25 हजार के ईनामिया अपराधी को गिरफ़्तार करने में सफलता पाई है। वह डेढ़ साल से दुष्कर्म के मामले में वांछित होकर फरार चल रहा था और लखनऊ के दुबग्गा में रहता था।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि शाहाबाद कोतवाल दीनानाथ मिश्र को उस समय सफलता हाथ लगी जब उनके निर्देश और एएसपी पश्चिमी व सीओ शाहाबाद के निर्देशन में मुखबिर से मिली सूचना पर 25 हजार का ईनामी युवक शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी कला से गिरफ्तार किया। उसने अपना नाम विजय कुमार शर्मा निवासी आलापुर कोट मल्लावां बताया। एसपी ने बताया कि यह मौजूदा समय मे अयोध्यापुरी कालोनी माधौपुर रिंग रोड दुबग्गा ठाकुरगंज लखनऊ में रह रहा था।
एसपी ने बताया कि इसने 24 मई 2017 को एक नाबालिग लड़की को ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसका मामला दर्ज किया गया था जिसके बाद वह फरार हो गया था। एसपी ने बताया कि इसने फरारी के दौरान वादी मुकदमे को भी मामले की पैरवी न करने की धमकी दी थी। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। एसपी ने बताया कि अपराधी को जेल भेज दिया गया है।