एम.एल.ए. सण्डीला के प्रयास से पीड़ितों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से मिली सहायता राशि

भाजपा विधायक ने गंभीर रोग पीड़ितों को दिलवाई आर्थिक सहायता

कछौना (हरदोई) : जनपद हरदोई की संडीला विधानसभा से विधायक राजकुमार अग्रवाल उर्फ राजिया के पत्र का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री द्वारा गंभीर रोगों से पीड़ित दो रोगियों को उपचार हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से कुल तीन लाख पांच हजार की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने की संस्तुति की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बालामऊ विधानसभा के अंतर्गत कस्बा कछौना के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी श्रीमती अफसर जहां पत्नी गुलाम मोहम्मद व संडीला विधानसभा के अंतर्गत ग्राम गोडवा निवासी राज किशोर मिश्रा पुत्र छोटे लाल मिश्रा गंभीर रोग से पीड़ित हैं, परंतु परिवार की माली हालत कमजोर होने के कारण पैसों के अभाव में उपचार में बाधा आने पर पीड़ितों के परिजनों ने संडीला विधायक राजकुमार से मिलकर मदद की गुहार लगाई थी। उनकी इस फरियाद पर विधायक द्वारा सूबे के मुख्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पीड़ितों को रोगों के आधार पर सहायता राशि दिए जाने की मांग की गई थी। विधायक द्वारा भेजे गए पत्र को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल दोनों मरीजों के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से सहायता राशि स्वीकृत करने की संस्तुति की है, जिसमें अफसर जहां पत्नी गुलाम मोहम्मद को 50,000 व राज किशोर मिश्रा को 255000 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है। दोनों पीड़ितों की आर्थिक सहायता राशि उन अस्पतालों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई है जिसमें उनका इलाज चल रहा है। उक्त जानकारी संडीला विधायक राजकुमार अग्रवाल ने मीडिया को दी।

विधायक राजकुमार अग्रवाल उर्फ राजिया ने बातचीत के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष गरीबों की सहयता के लिए ही बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर गरीब व असहाय की मदद के लिए संकल्पित है। जो गरीब पैसे के अभाव में अपना इलाज नहीं करा पा रहे हैं, उन्हें पार्टी के जनप्रतिनिधियों से मिलना चाहिए, जिससे उनकी सहायता हो सके।