लाईन ठीक करते समय करंट से बिजली संविदा कर्मी की मौत

हरदोई के सुरसा थाने के अहिरोरी विकास खंड क्षेत्र में करंट लगने से संविदा सहायक लाइनमैन मानवेंद्र कुमार (27) पुत्र शंभू दयाल की मौत हो गई। घटना के समय साथ में काम रहे विद्युत कर्मी घटनास्थल से फरार हो गया।
बताया जाता है कि डेढ़ बजे के करीब छोलीबरिया गांव में विद्युत उपकेंद्र से दो विद्युत कर्मी मानवेंद्र और जंडैल गांव आए थे। मानवेंद्र पोल पर चढ़ कर आपस में चिपके तारों को ठीक कर रहे थे। लाइन में आ रहे करंट से वह जलने लगे और पोल से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी विद्युत कर्मी जंडैल मौके से फरार हो गया। सूचना उपकेंद्र पर दी गई तब जाकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। घटनास्थल पर विभाग का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी नहीं पहुंचा।
उपकेंद्र पर तैनात सब स्टेशन मास्टर राजबहादुर वर्मा ने बताया कि उपकेंद्र से 11 बजकर 40 मिनट पर बम्हनाखेड़ा फीडर पर फाल्ट ठीक करने के लिए लाइनमैन सहायक रामनरेश ने शटडाउन लिया। लाइन ठीक कर एक बजकर 10 मिनट पर रामनरेश ने शटडाउन वापस कर दिया। जिसके बाद उपकेंद्र से बम्हनाखेड़ा फीडर पर सप्लाई शुरू कर दी गई। अब इसके बाद लाइन पर किसी कर्मी ने शटडाउन नहीं लिया।हालांकि परिजन बिजली कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे है।