मुख्यमंत्री ने किया विद्युत उपकेन्द्र का शिलान्यास

बदायूँ: तहसील दातागंज (विधान सभा क्षेत्र दातागंज ) में ऊर्जा विभाग , उत्तर प्रदेश द्वारा प्रस्तावित दातागंज स्थित 220 के.वी. ( 2 वाई 160 $ 2 वाई 40 ) एम. वी. ए. उपकेन्द्र का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिलान्यास वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया।

जिला मुख्यालय एनआईसी के वीसी रूम में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह के साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह व प्रशासनिक अधिकारी एवं अधिशासी अभियन्ता अरविन्द नायक तथा सहायक अभियन्ता शुभम कुमार गोस्वामी, विद्युत पारेषण खण्ड , उपस्थित रहे। शिलान्यास किये गये 220 के.वी. विद्युत उपकेन्द्र दातागंज की कुल लागत रू0 103.37 करोड़ है। दातागंज में उपरोक्त उपकेन्द्र के स्थापित हो जाने के कारण दातागंज तहसील में वर्तमान में स्थापित 33/11 के.वी. उपकेन्द्रों के साथ-साथ 132/33 के.वी. उपकेन्द्र उसावॉ एवं अन्य पारेषण एवं वितरण उपकेन्द्रों को भी 220 के.वी. विद्युत उपकेन्द्र दातागंज से पोषित किया जा सकेगा, जिससे 33के.वी. लाइनों की लम्बाई कम होने के कारण लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी, साथ ही दातांगज तहसील, समीपवर्ती क्षेत्र एवं बदायूँ जनपद की विद्युत आपूर्ति में स्थायित्व एवं गुणात्मक सुधार होगा।