भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की कछौना इकाई का हुआ गठन

कछौना (हरदोई) : “भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ” पत्रकार संगठन के तत्वावधान में रविवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया । इसके साथ ही महासंघ के जिलाध्यक्ष सुधीर अवस्थी परदेसी की मौजूदगी में ब्लॉक कछौना की कार्यकारिणी का गठन किया गया । जिसमें सर्वसम्मति से परमेश्वर दयाल गुप्ता (पी०डी० गुप्ता) को ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। संरक्षक की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार धनीराम श्रीवास्तव को दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित करके की गई। पत्रकार राघवेन्द्र कुमार त्रिपाठी ‘राघव’ ने बताया बोधिसत्व बाबा साहेब अंबेडकर जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आम्बेडकर साहब के विचार आज भी प्रसांगिक है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता को बढ़ावा देना है। अम्बेडकर साहब का जीवन एक पत्रकार के लिए अनुकरणीय है । जिस तरह उन्होंने सदैव असमानता व अन्याय के विरुद्ध लड़ाई लड़ी ठीक उसी तरह हम पत्रकारों को भी समाज व राष्ट्र हित में वैचारिक लड़ाई लड़नी होगी । हम सब ग्रामीण पत्रकार हैं और इस नाते हमारा दायित्व और बढ़ जाता है । वैसे भी ग्रामीण क्षेत्र में पत्रकारों की स्थिति काफी खराब है। सभी ग्रामीण पत्रकारों को पत्रकार का दर्जा भी नहीं हासिल है । छोटे बैनर व बड़े बैनर का हास्यास्पद और विचारणीय विभेद भी है । ऐसे में हम सबको एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है ।

शिक्षक नवनीत कुमार ने पत्रकारिता के बदलते परिवेश पर चिंता जाहिर की। शिक्षक ने बताया कि अंबेडकर जी ने हमेशा समाज के अंदर प्रतिरोध की आवाज उठाने का कार्य किया। वैचारिक, सामाजिक, धार्मिक मुद्दों पर यही कार्य पत्रकार का है जो समाज की सदैव आवाज उठाने का कार्य करता है। पत्रकारों की सुरक्षा व संरक्षण की महती आवश्यकता है। सही समाचार उठाने में पत्रकारों को अपनी जान की कीमत तक चुकानी पड़ती है। ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकार अपने परिवार का जीविकोपार्जन कैसे करें यह विचारणीय प्रश्न है।

वरिष्ठ पत्रकार मुन्नूलाल द्विवेदी ने कहा कि पत्रकार वर्ग एकजुट रहे, कोई साथी पर समस्या आने पर सहयोग के लिए वह सदैव तत्पर हैं। सोमेंद्र गुप्ता पत्रकार ने कछौना के मुख्य मार्ग पर घायल अवस्था में एक सप्ताह से पड़े विक्षिप्त युवक की समाचार उठाए जाने पर पत्रकार पीडी गुप्ता व सामाजिक कार्यकर्ता राजवर्धन सिंह राजू की तत्काल सहायता पहुंचाने की सराहना की। यह भी एक पत्रकार का दायित्व है। ग्रामीण सहारा के पत्रकार दीपक श्रीवास्तव ने पत्रकार साथियों से अपील की यह एक मिशन है, इसे व्यवसाय न बनाएं। जिससे पत्रकारिता के मूल्य जीवित रहे। राष्ट्रीय प्रस्तावना के पत्रकार एस.बी.सिंह सेंगर ने बताया कि पत्रकार संगठन की आज महती आवश्यकता है जिससे बिना किसी दबाव के खबरों का प्रकाशन किया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वस्थ व मजबूत लोकतंत्र के लिए 29 अप्रैल को मतदान करने के प्रति आमजनमानस को प्रेरित करने हेतु हम पत्रकार साथियों द्वारा प्रयास किया जाए। क्रांतिकारी जन संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष योगेश विक्रम सिंह ने बताया जब हम संगठित होंगे तभी हमारी आवाज बुलंद होगी। जिला ब्यूरो हसमत अली ने कहा यह मंच पत्रकारों के अधिकारों का उत्पीड़न होने में हमेशा साथ खड़े होने को तत्पर रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकार धनीराम श्रीवास्तव ने कहा पत्रकारिता का रास्ता काफी कठिन है। स्वस्थ पत्रकारिता करनी चाहिए, कभी द्वेष भावना के तहत पत्रकारिता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कछौना की नई गठित कार्यकारणी को शुभकामनाएं देते हुए सभी पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सर्वसम्मति से कछौना की कार्यकारिणी का गठन किया गया है। जिसमें ब्लाक अध्यक्ष पी०डी० गुप्ता को मनोनीत किया गया। जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार अवस्थी परदेसी ने माला पहनाकर नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष पीडी गुप्ता का जोरदार स्वागत किया। संगठन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद हेतु एस०बी०सिंह सेंगर, उपाध्यक्ष उमाशंकर बाजपेई, महामंत्री दीपक श्रीवास्तव, मंत्री रामजी गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, संगठन मंत्री डॉ आशीष गुप्ता, सचिव नवनीत कुमार, उपमंत्री सौरभ श्रीवास्तव का मनोनयन किया गया। सदस्यगणों में देवेंद्र कुमार, रामेंद्र सैनी, प्रशांत तिवारी, राहुल बाजपेयी, अनुज जायसवाल, जितेंद्र कुमार, रजनीश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, मनीष चक्रवर्ती, इंद्रजीत यादव, मनीष शुक्ला, आशाराम, सोनू कुमार गौतम, योगेश विक्रम सिंह, पौरूष पांडे, छोटेलाल, भूधर कुशवाहा आदि ने सदस्यता ली। इस अवसर पर बघौली से पत्रकारगण रमाकांत मिश्रा, सोमेंद्र गुप्ता, सौरभ सिंह, अनुज गुप्ता व कार्यक्रम स्थल सनशाइन कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक सुनील सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता अतुल कुमार, विशाल शास्त्री, मोहम्मद शोयब सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।