नागफनियों के शहर में रातरानी सा खिलूँगा

जगन्नाथ शुक्ल ‘जगन’, प्रयागराज

तुम मुझे नफ़रत करो मैं नेह तुमको ही करूँगा;
नागफनियों के शहर में रातरानी सा खिलूँगा।

जो कहो कि मैं तुम्हारे
बाँकपन को भूल जाऊँ।
शीलता की मूर्ति के,
अवहेलना का दोष पाऊँ।

यदि तेरे मन में फैला विष नहीं मैं तोड़ पाया;
पुष्पधन्वा के धनुष से क्षीरसागर को मथूँगा।

नागफनियों के शहर में रातरानी सा खिलूँगा।

प्रेम की बारादरी में,
मैं खड़ा पलकें बिछाये।
तुम अलक की ओट लेकर,
सोचती हो भाग जाये।

यदि तेरे मन के समर को मैं सहज न जीत पाया;
छोड़ तेरी ओढ़नी मैं विरह में ज़िन्दा जलूँगा।

नागफनियों के शहर में रातरानी सा खिलूँगा।

देह में अंगार भर कर
कह रही वैराग्य ले लो।
क्यों भला हत भाग्य करके
कह रही दुर्भाग्य ले लो।

यदि अमा की पीर हरने को नहीं चंदा उगाया;
देह अपनी दान कर, अंतस में तुमको ले उडूँगा।

नागफनियों के शहर में रातरानी सा खिलूँगा।