ऊर्जा मंत्री ने किया बिजली घर का औचक निरीक्षण

विपिन कुमार उपाध्याय-


जनपद में बिजली संकट को लेकर प्रदेश सरकार भी अहम कदम उठाने लगी है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार की शाम को गजरौला 132 केवीए बिजली घर का औचक निरीक्षण किया। ऊर्जा मंत्री ने अव्यवस्थाओं को देखकर कर मौजूदा कर्मचारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें फटकार लगाई और कहा कि देहात क्षेत्र में कम से कम 18 घंटे बिजली देना सरकार की प्राथमिकता है इसमें किसी प्रकार की भी लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

नूरपुर विधानसभा उपचुनाव की सभा से लौटते समय ऊर्जा मंत्री ने मंगलवार की रात को गजरौला स्थित 132 केवीए बिजली घर पर औचक निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से ओवरलोड के बारे में जानकारी हासिल की और उनके रजिस्टर आदि भी चेक किए। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कंट्रोल रूम के बाहर पसरी गंदगी को देखकर मौजूदा कर्मचारियों को जमकर हड़काया और पूछा कि आपके ट्रांसमिशन चीफ कितनी बार गजरौला आते हैं । ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अगर आपने सच नहीं बताया तो आपके खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी। सूचना पर बागड़ी समाज की महिला भी शिकायत लेकर मौके पर पहुंच गयीं और उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मीटर में अधिक रीडिंग व ज्यादा बिल लेने के लिये अपनी समस्या सुनाई। जिस पर ऊर्जा मंत्री श्री कांत शर्मा ने मौजूद कर्मचारियों से बागड़ी समाज की महिलाओं को बिल ठीक कराने व मीटर बदलवाने के निर्देश दिये।