दहेज के लोभियों ने एक और बेटी को बलि चढ़ाया

             पिहानी थाना क्षेत्र निवासी कुछ दहेज लोभियों ने एक बार फिर से इंसानियत को शर्मसार करते हुए एक मासूम भारतीय महिला को दहेज की बलि पर चढ़ा दिया । मौके पर परिजनों के साथ कानून के रखवालों ने भी बदसलूकी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । मृतक महिला की मां को पुलिसकर्मी ने लात-घूंसे मार कर ससुरालीजनों के घर से बाहर निकाला । घटना क्षेत्र पर मौजूद मृतका के मामा ने दर्द बयां करते हुए घटना की जानकारी दी।
             जानकारी के मुताबिक पिहानी थाना के जहानी खेड़ा निवासी राकेश ने अपनी पुत्री गोल्डी 19 की शादी मई 2017 में जाकिर पुरवा निवासी हरि ओम के साथ की थी । लेकिन दहेज की मांग पूरी न कर पाने के कारण हरि ओम आए दिन गोल्डी को प्रताड़ित करता रहता था तथा बीते 1 साल में 5 बार तक घर से निकाल चुका है । लेकिन फिर से सामाजिक लोगों के द्वारा सुलह समझौता करा कर जीवन यापन करने की राय दी जाती थी । लेकिन इस बार दहेज के लालच में अंधे होकर हरि ओम व उसके पिता मुरारी, मां व भाई शिवम ने अपनी पत्नी गोल्डी को घर में गला दबाकर जान से मार दिया तथा ससुरालीजन फरार हो गए । गांव निवासी अज्ञात युवक ने गोल्डी के मायके पक्ष को फोन कर घटना की सूचना दी । मौके पर पहुंचे मृतका के पिता राकेश व मां रामवती मामा ओमपाल व अन्य कुछ रिश्तेदार  मृतका के ससुराल पहुंचे तो वहां पर ससुरालीजन फरार हो चुके थे तथा पुलिस कर्मियों के साथ वहाँ कुछ गांव के लोग मौजूद थे । मृतका की मां रामवती ने घर में घुसकर पुत्री के शव के पास से पहचान पत्र खोजने की कोशिश की । जिस पर वहां मौजूद सिपाही राम प्रसाद मिश्रा ने रामवती को धक्का दिया तथा लात मारकर घर से बाहर निकाल दिया । पिता के साथ भी गाली गलौज किया तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया । राकेश का आरोप है कि पुलिस ने भी आरोपियों के साथ मिलकर पुलिस की गरिमा को शर्मसार किया है ।  पुलिस अपराधियों का साथ दे रही है । वहीं मृतका चार बहनों में तीसरे स्थान पर है तथा चार भाई प्रदीप गोविंद कुलदीप करण परिवार में मौजूद हैं।