हरदोई- जिला कारागार में एक बंदी का शव शौचालय में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। बंदी की मौत के बाद जेल में हड़कंप मच गया माधौगंज थाना क्षेत्र निवासी बंदी दुष्कर्म के मामले में मई 2017 से जेल में बंद था। बंदी की संदिग्ध मौत की खबर से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। भाई ने हत्या की आशंका जताई है तो जेलर ने बीमारी की बात कही वहीं सीओ ने मामले में जांच की बात कही है।
माधौगंज थाना क्षेत्र के दिबियापुर निवासी सुरेंद्र (47) पुत्र प्रभू 28 मई 2017 से दुष्कर्म के एक मामले में जिला कारागार में बंद था। बैरक संख्या आठ के दिन में प्रयोग होने वाले शौचालय में उसका शव पड़ा मिला। जेलर मृत्युंजय कुमार ने बताया कि जब जेल बंद हो रही थी तो सुरेंद्र का शव मिला। जो कि औंधे मुंह पड़ा था, सिर पर चोट के निशान थे, दरवाजे पर गमछा पड़ा था, चप्पल बाहर थी। उन्होंने बताया कि फांसी लगाने की बात तो नहीं कही जा सकती है, लेकिन वह दिमागी रूप से कुछ बीमार था और 15 दिन पहले ही जिला जेल के अस्पताल में भर्ती रहा था। वहीं बंदी की संदिग्ध मौत की खबर से खलबली मच गई।