हरदोई में हंड्रेड डायल में तैनात दारोगा की मौत, हार्ट अटैक से मौत की सामने आ रही बात

          हरदोई- जिले के शहर कोतवाली में तैनात एक दारोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची पुलिस ने दारोगा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर दारोगा के पुत्र भी हरदोई पहुंचे। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने शव को कंधा देकर अंतिम सलामी दी । शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
        हरदोई में डायल 100 की पीआरबी ड्यूटी में तैनात दारोगा शिव कुमार शुक्ला 58 पुत्र लालजी शुक्ल हरदोई में ही किराए के कमरे में रहते थे। वह रात को डायल 100 से ड्यूटी करके वापस आये और कमरे में नहाने के बाद पूजा करने लगे। अचानक उनकी तबियत बिगड़ गयी तो साथी शमीम बाबा उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाये और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया।
           जिला अस्पताल में चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया । मौके पर एसपी आलोक प्रियदर्शी, एडिशनल एसपी और मातहत अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक दारोगा शिव कुमार शुक्ला बाराबंकी के गांव बिदरापुर का निवासी थे और वर्तमान में हरदोई जिले में डायल 100 की ड्यूटी पर तैनात थे।
        पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया तो सूचना मिलते ही मृतक दारोगा के घर में कोहराम मच गया और उनके पुत्र विवेक शुक्ल व अनूप शुक्ल हरदोई पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और पुलिस लाइन में एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने शव को कंधा देकर उन्हें अंतिम सलामी देकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।