अराजक तत्वों ने विद्यालय में घुसकर की शिक्षक की पिटाई, शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों पर किया मामला दर्ज

कछौना (हरदोई) – कस्बा कछौना में पारिवारिक पृष्ठभूमि और हनक के चलते नव युवकों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह अपने बिगड़ैल रवैये के चलते बिना किसी परवाह के घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं । शनिवार को कस्बे के इंटर कॉलेज में एक ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है । जहां शिक्षक द्वारा स्कूल के छात्रों के साथ मारपीट का विरोध करना पूर्व प्रधान पुत्र को नागवार गुजरा और उसने अपने साथियों के साथ विद्यालय में घुसकर शिक्षक पर हमला बोलते हुए उसकी पिटाई कर दी । पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर मारपीट करने वाले बिगड़ैल लड़कों के विरुद्ध कोतवाली कछौना मे संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है ।     

बताते चलें कि कस्बा कछौना के लखनऊ-हरदोई रोड स्थित जनता इंटर कॉलेज में शनिवार की दोपहर अध्यापक सुरेश अवस्थी बच्चों को पढ़ा रहे थे । इसी दौरान कॉलेज में कुछ अराजक तत्व (बिगड़ैल नवयुवक) घुस आए और छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी । जब अध्यापक सुरेश अवस्थी मैं उनके द्वारा किए जा रहे इस कृत्य का विरोध किया तो यह बात उन्हें नागवार गुजरी और अराजक तत्वों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला बोलते हुये उनकी पिटाई कर दी । अराजक तत्वों में से एक ग्राम सभा कीरतपुर के पूर्व प्रधान नसीम का पुत्र है । सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान का पुत्र नगर में आवारागर्दी करते हुए आए दिन लड़कियों के साथ छींटाकशी करता रहता है । पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही न की जाने के कारण नगर में आवारागर्दी करने वाले नव युवकों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है । देर शाम को ऐसे नवयुवक नगर की सड़कों पर तेज रफ्तार बाइक चलाते या अन्य स्थानों पर समूह के रूप में खड़े दिखाई देते हैं । एंटी रोमियो अभियान सिर्फ कागजों पर चल रहा है । फिलहाल पुलिस ने पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर आरोपी युवक आमिर पुत्र मोहम्मद नसीम, हसनैन पुत्र मोहम्मद अली, लवकुश पुत्र श्रवण, वरुण पुत्र रमेश निवासी कस्बा कछौना के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है । इस घटना से शिक्षक समाज में काफी आक्रोश है । फिलहाल देखना यह है कि क्या इलाकाई पुलिस कोई ठोस व प्रभावी कदम उठायेगी । जिससे नगर में दोबारा इस तरह की घटनाएं ना हो, या फिर पुलिस की अनदेखी के चलते इस तरीके की घटनाएं होने की आशंकाएं बनी रहेंगी ।