कौशाम्बी जनपद की सबसे बड़ी खबर—
कौशांबी : यूपी के जनपद कौशांबी में दहेज लोभियों का मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मंझनपुर कोतवाली के नौगीरा गांव में दहेज में चार पहिया गाड़ी न मिलने से खफा ससुराली जनों ने विवाहिता को नींद की दवा खिलाकर सिरिंज से खून निकालकर प्रताड़ित करते थे। विवाहिता ने कोतवाली आकर अपनी दर्द भरी दास्तां पुलिस को सुनायी तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी उसकी बातें सुन कर दंग रह गए। इतना ही नहीं विवाहिता ने शरीर पर इंजेक्शन के निशान भी दिखाए। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
कौशांबी कोतवाली क्षेत्र के आम्बा कुआं गांव निवासी देशराज ने अपने बेटी प्रीति की शादी 19 नवंबर 2019 को निजामपुर नौगीरा के राजेश पुत्र दशरथ लाल के साथ की थी। शादी में उसने अपने हिसाब से दहेज के सभी सामान दिए थे। उसके बाद भी ससुराली जन दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग कर प्रीति को प्रताड़ित करते थे । 19 जून को प्रीति की माँ व भाई कुबेर उसे बुलाने गए तो ससुराल वालों ने अपने रिश्तेदारों को एकत्रित कर सभी को जान से मारने की धमकी दी । किसी तरह मायके पहुंची प्रीति ने बताया कि ससुराल वाले उसे जबरन नींद की दवा खिलाते थे। उसके बाद उसके शरीर से इंजेक्शन लगाकर खून निकाला जाता था। मायके वालों से फोन पर बात भी नहीं करने दिया जाता था। किसी तरह सूचना भेजवाने के बाद मायके से लोग उसे लेकर अपने साथ आए और थाने पहुंच गए। पीड़िता की यह सब बातें सुनकर थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मी दंग रह गए।मंझनपुर सीओ एसएन पाठक ने बताया कि एक विवाहिता ने अपने पिता के साथ कोतवाली आकर ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। उसकी तहरीर पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कौशांबी से मसुरिया दीन मौर्य की रिपोर्ट