*कछौना(हरदोई):* “पढ़ेगा कछौना – बढ़ेगा कछौना” की जमीनी हकीकत को जानने के लिए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने प्राथमिक विद्यालय कटियामऊ का निरीक्षण किया। उनकी कार्यशैली एवं रुझान से प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने परिषदीय विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था व माहौल सुधारने के लिए पूरी तरह कमर कस ली है। विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की पूरी जानकारी ली। विद्यालय प्रांगण में क्यारी, झूले व रैम्प लगवाने का निर्देश अधीनस्थ कर्मचारियों को दिया। शौचालय में हाथ धोने के लिए टोटियां सुचारू रूप से नही चल रही थीं, जिस पर कड़ी नाराजगी जताई। रसोइयों द्वारा चूल्हे पर खाना बनाये जाने पर बताया कि शीघ्र ही गैस सिलेंडर की व्यवस्था की जाएगी। रसोईयों का दर्द जानना जिलाधिकारी ने मुनासिब नही समझा, जिन्हें लगभग आठ माह से मानदेय नही मिला। नौनिहाल बच्चों द्वारा जिलाधिकारी का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। छोटे बच्चों को प्रोजेक्टर के द्वारा शिक्षा दी जा रही शिक्षण व्यवस्था को अध्यापिका नीलम गुप्ता ने प्रोजेक्टर पर दर्शाया।
अध्यापिका ने बताया कि इस प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षण से नौनिहालों में काफी ललक रहती है, जिससे छात्र संख्या में इजाफा हुआ है। बच्चों का बौद्धिक स्तर जानने के लिए उनके साथ फ़ट्टी पर बैठकर दुलार से उनके बौद्धिक स्तर को जानते रहे। दूसरे कक्ष में शिक्षामित्र से प्रश्न को हल करके दिखाने को कहा, जिस पर शिक्षक ने हल करके दिखा दिया। तीसरे कक्ष में कक्षा 5 के छात्रों से सौर मंडल की जानकारी ली। जिसपर छात्रों ने फटाफट उत्तर दिए। अन्य कक्षों में वायरिंग न होने पर काफी नाराजगी जताई। विद्यालय प्रांगण में सूचना पट्ट पर बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए थे, जो एक अच्छी पहल थी।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी व एचसीएल फाउंडेशन की टीम मौजूद थी।
रिपोर्ट- पी. डी. गुप्ता