दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना(हरदोई)। कोतवाली कछौना क्षेत्र के ग्राम दीननगर निवासी शहीद पुत्र रमजान के घर में गुरुवार सुबह करीब दस से ग्यारह बजे के आसपास अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह को शहीद अपने पुत्र, पुत्रियों के साथ मजदूरी हेतु बाहर खेतों में गए हुए थे इस दौरान घर पर पत्नी शहीदा अकेली थी। जोकि राशन लेने के लिए कोटेदार के यहाँ चली गई। घर में किसी को ना पाकर घात लगाए बैठे अज्ञात लोगों ने दिन दहाड़े शहीद के घर पर बक्शे में रखे लगभग पैंतीस हजार रुपये और दो चांदी की पायल (वजन करीब 200 ग्राम) चोरी करके रफूचक्कर हो गए। लगभग ग्यारह बजे के करीब घर वापस लौटे शहीद व बच्चों ने सारा सामान अस्त व्यस्त देखकर उक्त सामन गायब पाया। वहीं राशन लेकर घर पहुंची पत्नी शहीदा पैसे व जेवर चोरी होने की जानकारी पर बदहवास होकर अपनी सुध बुध खो बैठी।
शहीद के कथनानुसार उसकी एक बेटी शादी के लायक है जिसके लिये उसने मेहनत मजदूरी करके एक-एक पैसा जोड़कर रखा हुआ था। दोनों पति पत्नी बेटी की शादी की चिंता में आशंकाओं से घिर गए। घटना की बाबत शहीद ने यूपी-112 पर सूचना देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित शहीद का कहना है कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाला कोई घर परिवार या गांव का जानकार व्यक्ति ही है। पीड़ित शहीद ने पूरे मामले की तहरीर कोतवाली कछौना में दी है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।